◆ सुनारगांव की बेटी दिव्या और सेंदुल गांव का बेटा आराध्या भारत मंडपम में दिखाएंगे प्रतिभा, आज से हो रहा कार्यक्रम का आयोजन
टिहरी गढ़वाल:- भारत मंडपम दिल्ली में आज 10 जनवरी से विकसित भारत यंग इंडिया लीडर डायलॉग का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में टिहरी जिले की दिव्या नेगी और आराध्या मैठाणी एंकरिंग करेंगी। दिव्या नेगी थौलधार ब्लॉक के सुनार गांव की रहने वाली हैं और 2023 में राष्ट्रीय युवा संसद में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
वहीं आराध्या मैठाणी भिलंगना ब्लॉक के सेंदुल गांव से हैं और उन्होंने भी गत वर्ष राष्ट्रीय युवा संसद में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था।
विकसित भारत यंग इंडिया लीडर डायलॉग का उद्देश्य देशभर के युवाओं को मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम ‘विकासशील भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी को प्रेरित और प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। दिव्या नेगी ने बताया कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में देशभर के तीन हजार युवा नेताओं के बीच बातचीत करेंगे। विकसित भारत की 10 थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में हर राज्य से चयनित प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, समाधान और नवाचारों को साझा करेंगे।
सुनारगांव निवासी दिव्या नेगी ने मार्च 2023 को दिल्ली संसद भवन में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में पहाड़ी वेशभूषा में तीन मिनट का शानदार व्याख्यान ‘जी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे भारत की भूमिका पर’ दिया था।
दिव्या की कक्षा आठ तक की पढ़ाई ग्रीन हिल पब्लिक स्कूल कांडीखाल टिहरी में हुई। इसके बाद स्नातक तक की शिक्षा श्रीगुरु रामराय देहरादून से हुई। दिव्या के पिता जगत सिंह नेगी एसबीआई से सेवानिवृत्त हैं और माता सुशीला देवी गृहणी हैं। वह अपने मूल गांव सुनारगांव में रहते हैं। दिव्या वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बस्तर में पब्लिक पॉलिसी कंसल्टेंट (डिपार्टमेंट ऑफ होम) गवर्नमेंट ऑफ सीजी है।
आराध्या मैठाणी भी विकसित भारत यंग इंडिया लीडर डायलॉग में एंकर के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आराध्या की इंटर तक की पढ़ाई निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल ऋषिकेश में हुई। उनके पिता महेश्वर प्रसाद मैठाणी इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला ऋषिकेश में प्रवक्ता हैं और मां मुधबाला मैठाणी हाईस्कूल बंडल शिवपुरी में शिक्षिका है। तथा चाचा उपेंद्र मैठाणी भी राजकीय इंटर कॉलेज घुमेटीधार में व्यायाम शिक्षक है। आराध्या वर्तमान में दिल्ली विवि के बीए की पढ़ाई कर रहा हैं।
वहीं आराध्या मैठाणी की इस उपलब्धि पर समूचे क्षेत्र व गांव में ख़ुशी का माहौल है।