मानवता की मिसाल: गंभीर रूप से बीमार रवीना की मदद को आगे आए ब्लॉक प्रमुख राजीव कण्डारी, उपचार के लिए की 21 हजार की आर्थिक मदद।
दून अस्पताल पहुंचकर जाना रवीना के स्वास्थ्य का हाल, क्षेत्रवासियों एवं सामाजिक संगठनों से भी आर्थिक सहयोग की अपील की।
देहरादून:- मानवता, सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना का परिचय देते हुए ब्लॉक प्रमुख भिलंगना राजीव कण्डारी ने गंभीर रूप से बीमार रवीना कण्डारी के उपचार के लिए 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने दून अस्पताल पहुंचकर रवीना के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिजनों से मुलाकात कर उनकी परिस्थितियों की जानकारी ली।
गौरतलब है कि ग्राम सभा क्यारदा, कोठी नेलचामी, विकासखंड भिलंगना निवासी रवीना कण्डारी, पुत्री लक्ष्मण सिंह कण्डारी की स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। रवीना के उपचार के लिए परिवार को आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख राजीव कण्डारी अस्पताल पहुंचे और अपनी ओर से 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद देकर परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान किया।
आपको बता दें कि रवीना के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उनके पिता लक्ष्मण सिंह कण्डारी का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। अस्पताल में रवीना की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उनकी माता अनीता कण्डारी पर है। परिवार में कोई भी सदस्य कमाने वाला नहीं होने के कारण रवीना के उपचार का खर्च उठाना परिवार के लिए बेहद कठिन हो रहा है। ऐसे में परिवार को समाज के सहयोग और संवेदनाओं की अत्यंत आवश्यकता है।
वहीं भिलंगना के ब्लॉक प्रमुख राजीव कण्डारी ने क्षेत्रवासियों, मित्रों, सामाजिक संगठनों एवं सभी सहयोगियों से हाथ जोड़कर अपील की है कि रवीना के उपचार के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में हम सभी को एकजुट होकर परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए। हमारा छोटा-सा आर्थिक सहयोग किसी बेटी के जीवन की बड़ी उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने बताया कि रवीना की माता अनीता कण्डारी का Google Pay QR कोड भी साझा किया जा रहा है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति QR कोड स्कैन कर सीधे उनके खाते में आर्थिक सहायता भेज सकते हैं।
राजीव कण्डारी ने कहा कि यह केवल एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। मानवता का तकाजा है कि जरूरत के समय हम एक-दूसरे के साथ खड़े हों। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि रवीना के उपचार में सहयोग करने के साथ-साथ उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी करें।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रवीना को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले और वह स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटे। साथ ही परिवार को इस कठिन परिस्थिति से लड़ने की शक्ति प्रदान हो।
अपील- मानवता की इस मुहिम में आपका छोटा-सा सहयोग किसी बेटी के जीवन की बड़ी उम्मीद बन सकता है।

