जनता मिलन कार्यक्रम में 42 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
टिहरी गढ़वाल:- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क निर्माण एवं प्रतिकर वितरण, आपदा, अतिक्रमण, आवास, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 42 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित शिकायतों तथा अधिक संख्या में लंबित प्रकरण वाले विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागाध्यक्षों को अपने कार्यालय स्तर पर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में नरेंद्रनगर विकासखंड के जाखचौरा निवासी चमन सिंह ने बताया कि राजीव गांधी आवासीय विद्यालय देवलधार में लगभग 250 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा एवं नेटवर्क की व्यवस्था नहीं है तथा विद्यालय को जोड़ने वाला मार्ग भी अत्यंत क्षतिग्रस्त है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बोराड़ी निवासी मोहम्मद शहजाद ने बताया कि उनकी दुकान के समीप बिना मानचित्र स्वीकृत कराए एवं मानकों के विपरीत निर्माण कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी टिहरी, नगर पालिका एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
थत्यूड़ क्षेत्र से आए सोमवारी लाल नौटियाल ने बताया कि थत्यूड़-ककड़ू मोटर मार्ग पर सिर्वा के समीप सड़क पर पाइपलाइन बिछाने के कारण यातायात में असुविधा हो रही है। साथ ही, सड़क किनारे नाली निर्माण न होने से सड़क संकरी हो गई है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, थत्यूड़ तथा जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम पंचायत मणगांव के प्रधान मुकेश चौहान ने बताया कि अनुसूचित जाति बस्ती में हाईटेंशन लाइन से ग्रामीणों को खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के मकानों का मुआवजा पावर ग्रिड प्रशासन से दिलाए जाने तथा परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बसंत विहार निवासी राजवीर सिंह ने श्रमिक कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों के संबंध में शिकायत की। सभासद वार्ड नंबर 6 उर्मिला राणा ने नई टिहरी नगरपालिका क्षेत्र में बंदरों के द्वारा लोगों पर हमला करने की समस्या से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। कंडी निवासी ममता देवी ने आर्थिक सहायता तथा विकासखंड प्रतापनगर से आए सुंदर सिंह उनियाल ने ग्राम पणसूत की पनियाधारा से पनियार बाटा तक क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की मरम्मत कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने श्रम विभाग, वन विभाग, लघु सिंचाई सहित अन्य संबंधित विभागों को प्रकरणों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नई शिकायतों के साथ ही पूर्व में प्राप्त एवं लंबित शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जाती है, ताकि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम कमलेश मेहता, डीएसटीईओ साक्षी शर्मा, डीएसओ मनोज डोभाल, अधिशासी अभियंता जल निगम के.एन. सेमवाल, जल संस्थान के प्रशान्त भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के राजेन्द्र टम्टा, आरडब्ल्यूडी के विशाल चौहान, पीएमजीएसवाई के अविनाश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
