उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 24 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के डिप्टी कलेक्टर बदले।
दो दिन में 54 अधिकारियों के तबादले, चुनाव आयोग के मानकों के अनुरूप शासन ने जारी किए आदेश
देहरादून:- उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। चुनाव आयोग के निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप शासन ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत प्रदेश के कई जनपदों में डिप्टी कलेक्टरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। खास बात यह है कि महज दो दिनों के भीतर प्रदेश में कुल 54 अधिकारियों के तबादले किए जा चुके हैं। इससे पहले बुधवार को 10 आईएएस अधिकारियों समेत 30 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए थे।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी गढ़वाल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, चंपावत और अन्य जनपदों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई डिप्टी कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नियुक्त किया गया है।
कई जिलों में बदले डिप्टी कलेक्टर
जारी स्थानांतरण आदेश के तहत डिप्टी कलेक्टर राजकुमार पांडे को चमोली से देहरादून भेजा गया है। बृजेश कुमार तिवारी को उत्तरकाशी से टिहरी गढ़वाल तथा अभय प्रताप सिंह को रुद्रप्रयाग से देहरादून स्थानांतरित किया गया है। वहीं, रुड़की नगर निगम की उपनगर आयुक्त शिखा जोशी को नैनीताल में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। अर्पणा डोईबाल को देहरादून से डोईवाला चीनी मिल का अधिशासी निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि अजयवीर सिंह को डोईवाला चीनी मिल से टिहरी में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
तबार्दले के क्रम में तबार मैनी को यूएस नगर से नैनीताल, गौरव पांडे को यूएस नगर से नैनीताल और मनीष बिष्ट को यूएस नगर से पंतनगर भेजा गया है। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में निदेशक प्रशासन एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
कुमकुम जोशी और मुकेश रमोला को नई जिम्मेदारी
स्थानांतरण सूची में कुमकुम जोशी को देहरादून से हरिद्वार तथा मुकेश रमोला को उत्तरकाशी से देहरादून भेजा गया है। देवांगन को उत्तरकाशी से पौड़ी, रेखा कोहली को नैनीताल से हरिद्वार तथा मंजू राजपूत को टिहरी से हरिद्वार स्थानांतरित किया गया है।
इसी क्रम में अमृता शर्मा को यूएस नगर से नैनीताल, नवाजिश खलीक को नैनीताल से अल्मोड़ा, शालिनी मौर्य को पौड़ी से हरिद्वार तथा चंद्रशेखर को चमोली से उत्तरकाशी भेजा गया है।
इसके अलावा अबरार अहमद को चमोली से उत्तरकाशी, सुनील कुमार को अल्मोड़ा से रुद्रप्रयाग, नीतू डागर को चंपावत से हरिद्वार, संजय कुमार को अल्मोड़ा से यूएस नगर, रेखा को पौड़ी से यूएस नगर तथा कृष्णा त्रिपाठी को रुद्रप्रयाग से चमोली स्थानांतरित किया गया है।
चुनाव आयोग के मानकों के अनुरूप तबादलों का दौर जारी
प्रदेश में लगातार हो रहे इन प्रशासनिक फेरबदल को चुनाव आयोग के निर्देशों और निर्धारित स्थानांतरण मानकों के अनुपालन के तौर पर देखा जा रहा है। शासन की ओर से जारी आदेशों के बाद विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक अधिकारियों की नई तैनाती सुनिश्चित की गई है।


लगातार दो दिनों में 54 अधिकारियों के स्थानांतरण से प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। अब नई तैनाती के बाद अधिकारियों के सामने अपने-अपने जनपदों और विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संभालने की चुनौती होगी।

