भिलंग के युवाओं की हुंकार—विधायक जी! अब बहाने नहीं, विकास का हिसाब दीजिए।
जनता के सवालों से बचने के लिए रास्ता बदलने से समस्याएं खत्म नहीं होंगी, 2027 में जनता वोट से देगी जवाब।
घनसाली/घुत्तू:-
भिलंग क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जर्जर शिक्षा व्यवस्था और वर्षों से विकास की बाट जोह रहे गांवों की समस्याओं को लेकर रविवार को मुख्य बाजार घुत्तू में युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से जनचौपाल का आयोजन किया गया। जनचौपाल के माध्यम से घनसाली विधायक का ध्यान क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए उनसे पांच वर्षों के विकास कार्यों का हिसाब मांगा गया।
जनचौपाल में घुत्तू-घनसाली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति, कंडारगांव विद्यालय सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की दुर्दशा और देवंज, महरगांव एवं ग्राम पंचायत लोम सहित ऐसे अनेक गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जहां आज भी ग्रामीण सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत जमोलना, जंदरवाली, चंदला, भाटगांव, वीना एवं मलेथा सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए युवाओं ने विकास के दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्र की जनता मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
जनचौपाल के दौरान उस समय स्थिति और चर्चा का विषय बन गई, जब युवाओं द्वारा सवाल उठाए जाने के बीच विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह के दूसरे रास्ते से जाने की स्थिति बनी। हालांकि, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं के सवालों के बाद विधायक को वापस घुत्तू आना पड़ा। इसके पश्चात जंगलात चौकी घुत्तू में युवाओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को सीधे तौर पर रखा और विकास कार्यों को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस दौरान युवाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। जनता के सवालों से बचने के बजाय उन्हें समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता के सवालों से बचने के लिए रास्ते बदले जा सकते हैं, तो वर्ष 2027 में जनता भी अपना राजनीतिक रास्ता बदलने के लिए स्वतंत्र है।
युवाओं ने दो टूक कहा कि यदि क्षेत्र की सड़कों, विद्यालयों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ, तो आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भिलंग पट्टी की जनता विधायक का पुरजोर विरोध करेगी। उनका कहना था कि चुनाव के समय गांव-गांव पहुंचकर वोट मांगना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और सवालों का जवाब देना भी है।
युवाओं ने कहा कि भिलंग क्षेत्र की जनता अब खोखले आश्वासनों, अधूरे वादों और विकास के कागजी दावों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। क्षेत्रवासियों को भाषण नहीं, बेहतर सड़कें चाहिए; राजनीतिक वादे नहीं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहिए और दिखावटी विकास नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्य चाहिए।
जनचौपाल में उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं युवा
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य नित्यानंद कोठियाल, ग्राम प्रधान अक्षित रावत, ग्राम प्रधान सागर भट्ट, सुरजीत चौहान, समन धनाई, सुमित राणा, दीपक पैन्यूली, सूर्य सेमवाल, जयपाल, प्रदीप पल्लू, कपिल, सुरजीत गुसाईं, समन सिंह धनाई, अंकित पंवार, अनूप धनाई, संजय राणा, ध्यान सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चड़ोली, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लोम तथा दूरस्थ गंगी गांव से सोहन सिंह नत्थी एवं अजय धनाई सहित दर्जनों युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।
युवाओं का स्पष्ट संदेश
विधायक जी! भिलंग की जनता को आपके काफिले की चमक नहीं, गांवों तक पहुंचने वाली सड़क चाहिए। आपके भाषण नहीं, विद्यालयों में बेहतर शिक्षा चाहिए। जनता को आश्वासन नहीं, धरातल पर विकास चाहिए।
लोकतंत्र में जनता को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे उन सवालों का जवाब दें। यदि समय रहते क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपनी आवाज और अपने मताधिकार की ताकत से जवाब देगी।

