आंगनबाड़ी बहनों की मांगों पर गंभीर हुए ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, समस्याएं उचित स्तर पर उठाने का दिया आश्वासन।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

आंगनबाड़ी बहनों की मांगों पर गंभीर हुए ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, समस्याएं उचित स्तर पर उठाने का दिया आश्वासन।

घनसाली/टिहरी गढ़वाल:- आज ब्लॉक मुख्यालय में भिलंगना के ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिका संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रमुख रूप से तीन मांगें उठाईं। इनमें आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन का वितरण एवं इससे संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, विभागीय कार्यों के सिलसिले में ब्लॉक मुख्यालय आने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं को यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता प्रदान करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री विभाग के माध्यम से सीधे केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग शामिल है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने संगठन की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिका बहनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगें और समस्याएं उनके संज्ञान में हैं। इन सभी विषयों को उचित स्तर एवं संबंधित विभाग के समक्ष प्रमुखता से रखने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि समस्याओं का सकारात्मक समाधान सुनिश्चित हो सके।

ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिकाएं समाज में बाल पीढ़ी के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव से बच्चों एवं माताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। ऐसे में उनके सम्मान, अधिकारों एवं आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिका बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।