जम्मू-कश्मीर में उत्तराखण्ड का जवान शहीद, 21 वर्षीय रोहित रावत ने दी मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान।
टिहरी गढ़वाल/घनसाली:- वीरभूमि उत्तराखण्ड के लिए एक अत्यंत दुःखद समाचार सामने आया है। भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल्स में तैनात टिहरी गढ़वाल जनपद के घनसाली क्षेत्र निवासी जवान रोहित रावत देश सेवा के दौरान शहीद हो गए हैं। वह मात्र 21 वर्ष के थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित रावत मूल रूप से घनसाली विकासखंड के मेन्डू सिन्दवाल गांव, पट्टी भिलंग के निवासी थे। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल्स में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि 10 जून की प्रातः लगभग तीन बजे ड्यूटी के दौरान वह वीरगति को प्राप्त हो गए। हालांकि उनकी शहादत के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
शहादत की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि लगातार उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
भारतीय सेना द्वारा 11 जून को देर शाम शहीद जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक गांव लाया गया। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरा क्षेत्र भावुक हो उठा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और वातावरण देशभक्ति तथा श्रद्धा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
जानकारी के मुताबिक शहीद रोहित रावत का अंतिम संस्कार 12 जून को प्रातः 10 बजे उनके पैतृक घाट बिनपुला में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दौरान भारतीय सेना के जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा तथा सैन्य परंपराओं के अनुरूप अंतिम विदाई दी जाएगी।
मात्र 21 वर्ष की आयु में रोहित रावत ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तराखण्ड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
घनसाली क्षेत्र सहित पूरे टिहरी जनपद में शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके बलिदान को नमन कर रहे हैं।
राष्ट्र रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूत शहीद रोहित रावत को “देवभूमि ई-मीडिया” परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि एवं शत-शत नमन।
