नगर पंचायत घनसाली की वार्षिक बोर्ड बैठक सम्पन्न, ₹5.11 करोड़ का वार्षिक बजट पारित।
घनसाली, टिहरी गढ़वाल:- नगर पंचायत घनसाली की वार्षिक बोर्ड बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष हेतु कुल ₹5,11,83,000 (पांच करोड़ ग्यारह लाख तिरासी हजार रुपये) का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पारित बजट में नगर क्षेत्र के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पार्क निर्माण, नालियों के निर्माण एवं मरम्मत, इंटरलॉक टाइल्स मार्गों के निर्माण तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार हेतु विशेष प्रावधान किए गए हैं।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति एवं जनसमस्याओं की समीक्षा भी की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने लोक निर्माण विभाग को नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत मोटर मार्गों के दोनों ओर इंटरलॉक टाइल्स एवं नालियों के निर्माण तथा मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वन विभाग को बाजार क्षेत्र के ऊपरी भाग में स्थित चीड़ के पेड़ों के पातन की कार्यवाही करने, जल निगम को पेयजल पंपिंग योजना की प्रगति में तेजी लाने तथा जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने एवं नालियों से गुजर रही पाइप लाइनों को हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग को बाजार क्षेत्र में यातायात एवं जाम की समस्या के प्रभावी समाधान तथा विद्युत विभाग को आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को शीघ्र हटाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों एवं विभिन्न जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी मानसून एवं संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी संजय कापड़ी, सभासद गोविंद बड़ोनी, विनय राणा, विजय राणा, मोनिका सेमवाल, प्रियंका कुमाई, अरुण रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
