जनपद टिहरी गढ़वाल में एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू, निगरानी तेज।
टिहरी गढ़वाल:- जिला पूर्ति अधिकारी टिहरी गढ़वाल मनोज कुमार डोभाल ने अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
बताया कि विगत दिवस जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों को कुल 3260 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर प्राप्त हुए, जबकि 2271 सिलेण्डर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। वितरण के पश्चात एजेंसियों के स्टॉक में 4205 सिलेण्डर शेष हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद को प्रतिदिन 212 व्यावसायिक एलपीजी सिलेण्डरों का आवंटन प्राप्त हो रहा है, जिसके अनुसार एजेंसीवार एवं श्रेणीवार वितरण सुनिश्चित किया गया है। विगत दिवस एजेंसियों को 19 किलोग्राम श्रेणी के 242 सिलेण्डर प्राप्त हुए, जिनमें से 220 सिलेण्डर वितरित किए गए।
एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण की निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) द्वारा नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। अब तक 572 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें गैस गोदाम, पेट्रोल पंप, होटल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान 14 घरेलू सिलेण्डर जब्त किए गए, जिनमें से 5 सिलेण्डरों पर 7250 रुपये का जुर्माना वसूल कर उन्हें नियमानुसार अवमुक्त किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण हेतु जनपद मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें तथा सिलेण्डर होम डिलीवरी या प्वाइंट डिलीवरी के माध्यम से प्राप्त करें। एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ से बचने की भी सलाह दी गई है।
साथ ही, जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र अपनी संबंधित एजेंसी में संपर्क कर प्रक्रिया पूर्ण करें।
विवाह समारोह हेतु अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेण्डर प्राप्त करने के लिए आवेदक अपने आवेदन पत्र के साथ विवाह कार्ड संलग्न कर जिला पूर्ति कार्यालय या संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में जमा कर सकते हैं। अब तक 305 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 287 आवेदकों को अनुमति प्रदान की जा चुकी है।
यदि किसी उपभोक्ता को गैस की कालाबाजारी, दुरुपयोग, अवैध भंडारण या ओवररेंटिंग से संबंधित शिकायत दर्ज करनी हो, तो वे जनपद के कंट्रोल रूम नंबर 01376-234793, 01376-233433, 9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।
