

उत्तराखंड की बेटी मानसी नेगी ने एक बार फिर से परचम लहराया है। मानसी नेगी ने 37वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तहत 10 किमी रेस वॉक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले भी मानसी कई पदक अपने नाम कर चुकी हैं।
चमोली:- उत्तराखंड की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर फिर परचम लहराया है। चमोली जिले की मानसी नेगी ने 37वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 किमी रेस वॉक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। मानसी नेगी के इस उपलब्धि पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बधाई दी है।

दरअसल असम के गुवाहाटी में 37वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप चल रहा है। जिसमें उत्तराखंड की ‘उड़न गर्ल’ मानसी नेगी ने 10 किमी रेस वॉक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। मानसी ने 47:30:94 मिनट में वाॅक रेस पूरा कर नेशनल रिकॉर्ड भी तोड़ा है। इस प्रतियोगिता में हरियाणा की रचना दूसरे स्थान पर रही तो तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र की सेजल अनिल सिंह रही।
आपको बता दें कि मानसी नेगी उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली के दशोली विकासखंड स्थित मजोठी गांव की रहने वाली हैं। मानसी नेगी का जीवन काफी संघर्षशील रहा है। चमोली के कोठियाल सैंण कस्बे में मोटर वर्कशॉप चलाने वाले मानसी के पिता लखपत सिंह नेगी का एक साल पहले निधन हो गया था। जिसके बाद से मानसी की मां ने ही गोपेश्वर में रहकर मानसी का पालन पोषण किया। बचपन से ही मानसी के अंदर स्पोर्ट्स की ललक थी।
मानसी नेगी देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में कोच अनूप बिष्ट से प्रशिक्षण ले रही हैं। मानसी इससे पहले कई पदक जीत चुकी हैं। मानसी ने इसी साल जून महीने में गुजरात में आयोजित 20वीं नेशनल फेडरेशन कप जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10 किलोमीटर रेस वॉकिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। मानसी के कोच अनूप बिष्ट की मानें तो वो बचपन से ही लगनशील और मेहनती है। मानसी ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।