आनंद बिष्ट की अनूठी पहल: ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच, 9500 बच्चों ने दिखाई मेधा।
पीयूष, दिव्यांशु पोखरियाल और समीर पंवार ने मारी बाजी
स्व. रघुनाथ सिंह बिष्ट स्मृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भव्य समापन।
381 विद्यालयों के 9500 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने विजेताओं को किया सम्मानित, प्रथम स्थान पर ₹5100 का पुरस्कार।
घनसाली/टिहरी गढ़वाल:- ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की एक शानदार पहल उस समय यादगार बन गई, जब बाल दिवस के अवसर पर घनसाली में स्वर्गीय रघुनाथ सिंह बिष्ट की स्मृति में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट एवं उनके परिजनों की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में भिलंगना विकासखंड के 381 विद्यालयों के लगभग 9500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अक्टूबर को विद्यालय स्तर से किया गया था। इसके बाद भिलंगना विकासखंड की 11 न्याय पंचायतों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रत्येक न्याय पंचायत से तीन-तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। अंतिम चरण में कुल 33 प्रतिभागियों ने प्राथमिक, जूनियर एवं माध्यमिक वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीनों वर्गों में इन मेधावियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में पीयूष ने प्रथम, अक्षित सेमवाल ने द्वितीय तथा अदिति उनियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में दिव्यांशु पोखरियाल, कैराराम ब्रिलिएंट माइंड्स स्कूल बेलेश्वर के छात्र ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अर्जित द्वितीय तथा पूनम तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं माध्यमिक वर्ग में समीर पंवार ने प्रथम, अनीश सिंह ने द्वितीय तथा अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सफलता हासिल की।
विधायक ने बढ़ाया मेधावियों का हौसला, नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2100 रुपये की नकद धनराशि के साथ ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम हैं। इनसे बच्चों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
आयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक बच्चा अपने आप में विजेता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानना, उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना और शिक्षा के प्रति प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि 381 विद्यालयों के लगभग 9500 विद्यार्थियों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों के साथ-साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की मेहनत और लगन सराहनीय है।
उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यालयों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. रघुनाथ सिंह बिष्ट की स्मृति में शुरू की गई यह पहल भविष्य में भी बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को आगे लाने का प्रयास जारी रखेगी।
आयोजकों की संवेदनशील पहल, प्रतिभागियों के आने-जाने का किराया भी दिया
प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि आयोजकों की ओर से इसमें प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उनके आने-जाने का सामान्य किराया भी उपलब्ध कराया गया, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की प्रतिभा के प्रदर्शन में बाधा न बनें।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, गोविंद सिंह राणा, यशवंत गुसाईं, चंद्रवीर नेगी, विजय राज मियां, उपेंद्र मैठाणी, गोपेश्वर अंथवाल, जयशंकर नगवाण, विनय राणा, गोविंद बडोनी, रमेश नेगी, संजय गुसाईं सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

