हादसा:- केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से 3 यात्रियों की मौत, 5 घायल, मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख।

उत्तराखंड चारधाम यात्रा ब्रेकिंग न्यूज रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग:- केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर और मलबा गिरने से तीन यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि, पांच यात्री घायल हो गए हैं। यह हादसा केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा में हुआ है। वहीं, घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे आपदा कंट्रोल रूम को एक सूचना मिली थी। जिसमें बताया गया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरे हैं। जिसकी चपेट में आने से कुछ यात्री मलबे में दबे हुए हैं। यह सूचना मिलते ही यात्रा मार्ग में तैनात सुरक्षाकर्मी जिनमें एनडीआरएफ, डीडीआरफ, वाईएमएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. जहां राहत और बचाव का काम शुरू किया गया।

वहीं, इस हादसे में तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिसमें दो यात्री महाराष्ट्र और एक रुद्रप्रयाग का रहने वाला है। सभी लोग केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। वहीं, कुछ घायल यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पर प्रशासन ने दोनों छोरों से सुरक्षा जवानों को तैनात कर दिया है। ऐसे में देखकर ही आवाजाही करवाई जा रही है।

मृतकों के नाम

1. किशोर अरूण (उम्र 31 वर्ष), निवासी- नागपुर, महाराष्ट्र
2. सुनील महादेव (उम्र 24 वर्ष), निवासी- जलना, महाराष्ट्र
3. अनुराग बिष्ट, निवासी- तिलवाड़ा, रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड)

घायलों के नाम

1. चेला भाई चौधरी, निवासी- गुजरात
2. जगदीश पुरोहित, निवासी- गुजरात
3. अभिषेक चौहान, निवासी- महाराष्ट्र
4. धनेश्वर डाण्डे, निवासी- नागपुर, महाराष्ट्र
5. हरदाना भाई पटेल, निवासी- गुजरात

बता दें कि आज मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पहाड़ों पर बोल्डर और पत्थर गिरने के साथ ही नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है। लिहाजा, बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

वहीं उत्तराखंड के सीएम धामी ने केदारनाथ मार्ग पर हुए हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस सम्बन्ध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।