दहेज हत्या के मामले में घनसाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मृतका के पति और ससुर गिरफ्तार।
घनसाली/टिहरी:
एसएसपी टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत घनसाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक वर्ष पूर्व विवाहित 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में वांछित पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विगत 25 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि को स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से थाना घनसाली को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक महिला को उसके परिजनों द्वारा मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। मृतका की शिनाख्त 22 वर्षीय विवाहिता के रूप में हुई, जिसका विवाह मात्र एक वर्ष पूर्व हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार घनसाली द्वारा पंचायतनामे की कार्रवाई की गई और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। मृतका के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना घनसाली में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
एसएसपी टिहरी द्वारा गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अप्रैल 2026 को नामजद दोनों आरोपियों (पति और ससुर) को गिरफ्तार किया।
दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जनपद पुलिस महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण हेतु प्रतिबद्ध है। एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
