सेंदुल केमरा में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, ग्रामीणों की हुई निशुल्क जांच।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल):- जनपद के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सेंदुल केमरा में आज ‘राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम’ के तहत “जन-जन का स्वास्थ्य, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। अंबेडकर छात्रावास के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूक किया और उनकी निशुल्क जांचें कीं।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान X-Ray, ब्लड टेस्ट, शुगर और बीपी (BP) की निशुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बताया कि यदि किसी को पुरानी खांसी, छाती में दर्द, रात को बुखार आना, वजन घटना या भूख न लगने जैसी समस्या हो, तो इसे हल्के में न लें। यह टीबी के प्रारंभिक लक्षण हो सकते हैं, जिनका सही समय पर निदान जरूरी है।
ग्राम पंचायत सेंदुल केमरा के प्रधान अमित जोशी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। टीबी एक गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन सही समय पर इलाज मिलने से यह पूरी तरह ठीक हो सकती है। हमारा लक्ष्य अपनी पंचायत को टीबी मुक्त बनाना है, और इसके लिए हर ग्रामीण का जागरूक होना आवश्यक है।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग से अनीता खरोला (STS), महादेव (STLS), सोभा (CHO), शिवालिका (CHO), पूजा (CHO), ज्योति (X-Ray टेक्नीशियन), ), और शुभम लसियाल आदि शिविर में मौजूद थे।
वहीं स्वास्थ्य शिविर में ग्राम प्रधान अमित जोशी सहित सीमा, हिमानी, मंत्री प्रसाद, बीना, आशा कार्यकत्री, आशा देवी, पूर्णा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
