भिलंगना के गेंवाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाएं हुई बेहोश, हायर सेंटर रेफर।
टिहरी गढ़वाल/ घनसाली:- जनपद के भिलंगना ब्लॉक स्थित गेंवाली गांव में आज आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की एक दुखद घटना सामने आई है। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से गांव की दो महिलाएं बेहोश हो गईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर पहुंचाया गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, गेंवाली निवासी 25 वर्षीय रूपा देवी और 23 वर्षीय कुमारी बबिता आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अचेत हो गई थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को स्थिर और सामान्य बताया।
चिकित्सकों के अनुसार, रूपा देवी (पत्नी जयवीर सिंह) वर्तमान में 7 माह की गर्भवती हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए और जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों ने उन्हें एहतियातन हायर सेंटर (बेस अस्पताल, श्रीनगर) रेफर कर दिया है।
वहीं दूसरी महिला, कुमारी बबिता, जो कि रूपा देवी की बहन हैं, वह भी चिकित्सकों की सलाह पर और ‘सेकंड ओपिनियन’ प्राप्त करने हेतु एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर भेजी गई हैं।
वर्तमान में दोनों महिलाएं सुरक्षित हैं और चिकित्सकीय देखरेख में हायर सेंटर के लिए रवाना हो चुकी हैं।
