नई टिहरी:- आज 20 अगस्त 2021 को आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा, देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय नई टिहरी में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उपरोक्त कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र नौडीयाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसर्रफ अली, प्रदेश कांग्रेस के सचिव कुलदीप सिंह पवार, चंबा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद डोभाल, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव रोशन नौटियाल ,महासचिव धनीराम नौटियाल,अमित चमोली, शहर कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक चमोली जिला उपाध्यक्ष खुशीलाल,आदि कांग्रेस जन मौजूद थे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि सहज और सरल स्वभाव के राजीव जी का गरियाबंद जिले के आदिवासी अंचल कुल्हाड़ीघाट में 1985 का संक्षिप्त प्रवास आज भी उनकी यादों में बसा है। मुझे उस पवित्र धरती पर जाने का सौभाग्य मिला। उन्होंने धमतरी जिले के दुगली की यात्रा की, जिसे अब राजीव ग्राम के नाम से भी जाना जाता है। ग्रामीणों में घुल-मिल जाना उनके सहज व्यक्तित्व का परिचायक है।
स्व. राजीव जी ने भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली थी। उन्होंने 21वीं सदी के आधुनिक भारत का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए कई क्रांतिकारी फैसले लिए। उनकी दूरदर्शी और नवीन सोच के कारण भारत में ई-प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी का विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और लोकतंत्र को सृदृढ़ बनाने में युवाओं की सशक्त भागीदारी संभव हो सकी।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल और प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह पवार ने कहा स्व. राजीव जी ने सत्ता के विक्रेन्द्रीकरण के उद्देश्य से पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों को भी अधिक अधिकार देकर देश की नींव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शासकीय काम-काज में पारदर्शिता के लिए उन्होंने देश में कम्प्यूटर और सूचना क्रांति की नींव रखी, जिसके जरिए ई-प्रशासन के माध्यम से आमजन तक शासकीय योजनाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित हुई। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवाओं को 18 साल में मतदान का अधिकार दिलाया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सैयद मुशरफ अली और राजेंद्र प्रसाद डोभाल ने कहा राजीव गांधी जी ने गरीबी उन्मूलन तथा आत्मनिर्भर भारत निर्माण के दृष्टिकोण से ही आज भारत मजबूत हुआ है। राजीव गांधी का मानना था किसानों और ग्रामीणों की आर्थिक दशा में सुधार के बिना भारत का नव निर्माण संभव नहीं है। राजीव जी ने भारत में समावेशी विकास का जो सपना देखा था, उसे पूरा करना ही राजीव जी को हम सभी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।