पिछले पांच वर्षों की अपेक्षा दोनों निकायों में बढ़े पांच हजार से अधिक मतदाता।
रिपोर्ट: दीपक श्रीयाल,चमियाला/घनसाली
घनसाली/टिहरी:- विकासखंड भिलंगना की दो नगर पंचायत घनसाली व चमियाला के अस्तित्व में आने के बाद अब दूसरी बार चुनाव होने जा रहे हैं। इसमें इस बार दोनों निकायों में मतदाता की अच्छी खासी संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन निकायों में जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं हो पाई हैं। इस बार पिछले पांच वर्षों की अपेक्षा दोनों निकायों में पांच हजार से अधिक मतदाताओं की जनसंख्या में बढ़ोतरी हुई हैं।
विकासखंड भिलंगना के विशाल भौगोलिक दृष्टि को देखते हुए सरकार ने जनता की मांग पर वर्ष 2015-16 में क्षेत्र को दो नगर पंचायत की सौगात दी थी। इसमें एक नगर पंचायत घनसाली व दूसरी नगर पंचायत चमियाला बनी। इसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई पूरी करते हुए सरकार ने वर्ष 2018 में दोनों नवगठित नगर पंचायत में निकाय चुनाव करवाए थे और पूरे पांच वर्ष तक दोनों नगर पंचायत में अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद विकास कार्य होते रहे, लेकिन जन समस्याओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
दो दिसंबर 2023 में प्रदेश की अन्य नगर पंचायत, नगर पालिकाओं की तरह घनसाली नगर पंचायत व चमियाला में भी शासन ने कार्यकाल पूरे होने पर प्रशासक नियुक्त किए और एक साल के लंबे इंतजार के बाद अब दोनों नगर पंचायत में फिर से चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है।
परंतु, इन बीते छह वर्षों में दोनों ग्रामीण क्षेत्र में पड़ने वाली दोनों नगर पंचायत में पांच साल पूर्व के वोटरों के सापेक्ष इस वर्ष मतदाताओं की संख्या में दोनों नगर पंचायत में अच्छा इजाफा देखने को मिला है। वहीं, हैरत की बात तो यह है कि दोनों नगर पंचायत चार धाम यात्रा मार्ग से जुड़ी हुई हैं और समस्याओं का अंबार जो ठीक छह वर्ष पहले था, वह आज भी जस का तस बना हुआ है। इससे आने वाले समय में जो भी प्रत्याशी नगर निकाय के चुनाव के लिए दावेदारी पेश करेगा, उन्हें जन समस्याओं के निराकरण के लिए जूझना पड़ेगा।
वर्तमान समय में नगर पंचायत घनसाली में मतदाता 7,500 हैं और जिसका क्षेत्रफल नौ वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। वहीं, नगर पंचायत चमियाला में भी इस समय 5,000 से अधिक मतदाता हैं और सात किमी वर्ग मीटर के दायरे में नगर पंचायत चमियाला भी फैला हुआ है, जबकि वर्ष 2018 में निकाय चुनाव हुए थे। उस समय नगर पंचायत घनसाली में 3,500 के करीब ही मतदाता मौजूद थे।
नगर पंचायत चमियाला की मुख्य समस्याएं
◆ नगर पंचायत चमियाला चारधाम मार्ग से जुड़ा है, लेकिन वाहन पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
◆ अभी तक किसी भी वार्ड में बच्चों के लिए खेल मैदान नहीं है।
◆ चमियाला में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं।
◆ कूड़ा निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं।
◆ नगरवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं।
नगर पंचायत घनसाली की मुख्य समस्याएं
◆ नगर पंचायत घनसाली को जाम की समस्या से निजात न मिलना।
◆ स्ट्रीट लाइट लगी हैं, लेकिन कुछ जगहों पर आज भी अंधेरा रहता है। लाइट अक्सर खराब रहती हैं।
◆ बच्चों के लिए खेल मैदान न होना।
◆ पार्किंग की व्यवस्था न होना।
◆ कूड़ा निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था न होना। वर्तमान में घनसाली-चमियाला मोटर मार्ग पर कूड़ा डाला जाता है, जो भिलंगना नदी में गिरता रहता है।