एसडीएम घनसाली ने ली गैस एजेंसियों की बैठक, गोदामों से सीधे सिलेंडर की बिक्री पर रोक, रोस्टर प्रणाली लागू।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

एसडीएम घनसाली ने ली गैस एजेंसियों की बैठक, गोदामों से सीधे सिलेंडर की बिक्री पर रोक, रोस्टर प्रणाली लागू।

घनसाली: तहसील घनसाली में गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) मनोज डोभाल सहित क्षेत्र की चारों गैस एजेंसियों के प्रबंधकों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

एसडीएम नौडियाल ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि अब गैस गोदामों से सीधे गैस का वितरण पूर्णतः बंद किया जाए। इसके स्थान पर, उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित ‘एक्सटेंशन डिलीवरी पॉइंट्स’ पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया में भ्रम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए सभी एजेंसियां एक साप्ताहिक रोस्टर तैयार करें और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

बुकिंग और E-KYC बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर
बैठक के दौरान गैस एजेंसी प्रबंधकों ने अवगत कराया कि बिना E-KYC और बुकिंग के सिलेंडर दिया जाना संभव नहीं है। नई व्यवस्था के तहत: उपभोक्ताओं को गैस की बुकिंग मोबाइल ऐप या मिस कॉल के माध्यम से करनी होगी।
सिलेंडर लेते समय DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) या OTP बताना अनिवार्य होगा। सभी उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी (E-KYC) गैस एजेंसी जाकर या स्वयं मोबाइल ऐप के माध्यम से पूरी कर सकते हैं।

एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षकों और प्रबंधकों को निर्देशित किया कि इन नियमों के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाएं ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता गैस से वंचित न रहे।

बैठक में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गरवीन भट्ट, पूर्ति निरीक्षक अमित भंडारी, धीरेन्द्र पेटवाल, रामेश्वरी सहित घनसाली, चमियाला, बालगंगा और घुत्तू गैस एजेंसियों के प्रबंधक व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।