सुबह-सुबह:- घनसाली–चमियाला मोटरमार्ग पर हादसा, बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत, बाल-बाल बचीं सवारियां।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

अभी-अभी:- घनसाली–चमियाला मोटरमार्ग पर बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला।

घनसाली, टिहरी गढ़वाल:- घनसाली–चमियाला मोटरमार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चम्फुआ देवता मंदिर के समीप सवारियों से भरी बोलेरो और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। राहत की बात यह रही कि बोलेरो में सवार चालक सहित सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, दुर्घटना में बोलेरो के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन संख्या UK14TA0635 चमियाला से घनसाली की ओर आ रहा था, जबकि ट्रक संख्या UK14CA 9986 घनसाली से चमियाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान चम्फुआ देवता मंदिर के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। सूचना मिलने पर घनसाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच की तथा मामले की जांच की जा रही है।

सिंगल लेन सड़क पर बढ़ता यातायात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दुर्घटना ने एक बार फिर घनसाली–चमियाला मोटरमार्ग की बदहाल यातायात व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता को चर्चा में ला दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग सिंगल लेन होने के साथ-साथ कई स्थानों पर घुमावदार मोड़ों से होकर गुजरता है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के दौरान सावधानी की आवश्यकता और बढ़ जाती है।

बालगंगा एवं भिलंगना घाटी को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मोटरमार्ग पर घनसाली और चमियाला नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ही महाविद्यालय के कारण यातायात का दबाव बना रहता है। इसके बावजूद सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से उठाए जाने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय स्तर पर सड़क की स्थिति में सुधार, संवेदनशील मोड़ों पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा मार्ग के आवश्यक चौड़ीकरण की मांग फिर प्रमुखता से सामने आई है।

स्थायी समाधान की जरूरत

लगातार बढ़ते यातायात दबाव और संकरी सड़क की स्थिति को देखते हुए इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। हालांकि, इस दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन घटना ने सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण से जुड़े मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया है।

फिलहाल दुर्घटना में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से राहत है, लेकिन घनसाली–चमियाला मोटरमार्ग की यातायात संबंधी चुनौतियों का स्थायी समाधान क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण बना हुआ है।