टिहरी गढ़वाल:- लोकसभा चुनाव के पहले चरण के 1625 प्रत्याशियों की संपत्ति का ब्योरा सामने आ चुका है। इनका राजनीतिक भविष्य 19 अप्रैल को मतपेटियों में बंद हो जाएगा। इन माननीयों की संपत्ति पर नजर दौड़ाएं तो उत्तराखंड की टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह चौथे स्थान पर हैं। उनके पास 206 करोड़ रुपये की संपत्ति है। राजघराने से ताल्लुक रखने वाली माला राज्य लक्ष्मी शाह तीन बार संसद पहुंच चुकी है। वहीं देश में सबसे अधिक संपत्ति वाले प्रत्याशी नकुल नाथ हैं। वह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी हैं और इनकी चल-अचल संपत्ति 716 करोड़ की है। एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार शीर्ष दस सर्वाधिक संपत्ति वाले प्रत्याशियों की सूची में सबसे अधिक पांच तमिलनाडु से हैं। कम संपत्ति वाले शीर्ष दस की सूची में भी आठ-आठ प्रत्याशी तमिलनाडु के ही हैं। तमिलनाडु के निर्दलीय प्रत्याशी पुनराज के संपत्ति सबसे कम यानी मात्र 320 रुपये ही है।
टिहरी से प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह देश में चौथे स्थान पर
देश के अधिकतम संपत्ति वाले प्रत्याशियों में टिहरी से प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह देश में चौथे स्थान पर हैं। 716 करोड़ के साथ मध्य प्रदेश के नकुलनाथ पहले पायदान पर हैं। माला ने नामांकन में कुल संपत्ति 206 करोड़ रुपये बताई है। इसमें 55 करोड़ 30 लाख 39 हजार 424 की चल संपत्ति और 151 करोड़ 57 लाख की अचल संपत्ति शामिल है। आयकर विवरणी के हिसाब से देश के शीर्ष 10 वार्षिक आय वाले प्रत्याशियों में भी माला राज्य लक्ष्मी शाह चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 2022-23 के लिए पति और अपनी कुल आय सात करोड़ रुपये बताई है, जिसमें उनकी खुद की आय 23 लाख रुपये सालाना है।
अमीर प्रत्याशियों के मामले में भाजपा का पलड़ा भारी
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार देश के शीर्ष दस अमीर प्रत्याशियों में चार भाजपा के हैं। इसके अतिरिक्त तीन कांग्रेस, दो एआइएडीएमके और एक बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी है। कम संपत्ति वाली शीर्ष दस सूची में नौ निर्दलीय और एक सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया का प्रत्याशी है। देनदारी वाले शीर्ष दस प्रत्याशियों में चार भाजपा के है। इसके अतिरिक्त डीएमके के तीन और एआइएडीएमके, कांग्रेस व एएमएमके के एक-एक प्रत्याशी है।