टिहरी में राजस्व वसूली पर ADM का शिकंजा, खनन विभाग की आय में 211% का उछाल, अधिकारियों को सख्त निर्देश।

उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

‎राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें अधिकारीः एडीएम
‎
‎जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में विभागवार राजस्व प्राप्ति की समीक्षा।
‎
‎टिहरी गढ़वाल:- अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर माह तक की राजस्व प्राप्ति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर माह तक की राजस्व प्राप्ति की विभागवार समीक्षा की गई।
‎
‎बैठक में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर माह तक विभाग को 16.37 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसी अवधि तक 34.62 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है। विभागीय विवरण के अनुसार राजस्व प्राप्ति में 211.48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग का वर्तमान वित्तीय वर्ष का वार्षिक लक्ष्य 70 करोड़ रुपये है।
‎
‎परिवहन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर माह तक 617.75 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई थी, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में इसी अवधि तक 636.10 लाख रुपये की प्राप्ति हुई है। इस प्रकार राजस्व प्राप्ति में 18.35 लाख रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग का वार्षिक लक्ष्य 15.25 करोड़ रुपये है।
‎
‎विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर माह तक 7906.42 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर माह तक 8545.79 लाख रुपये की प्राप्ति हुई है। इस प्रकार विभागीय विवरण के अनुसार राजस्व प्राप्ति में 8.09 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
‎
‎उप निबंधक कार्यालयों की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर माह तक चारों उप निबंधक कार्यालयों से कुल 20.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। इसके सापेक्ष वर्तमान वित्तीय वर्ष में सितंबर 2026 तक 29.70 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 55 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष यह लगभग 54 प्रतिशत है।
‎
‎बैठक में आबकारी विभाग की राजस्व प्राप्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग को सितंबर 2025 तक 7585.60 लाख रुपये की प्राप्ति हुई थी, जबकि सितंबर 2026 तक यह बढ़कर 7938.90 लाख रुपये हो गई। राजस्व विभाग की प्राप्ति 155.53 लाख रुपये से बढ़कर 1097.33 लाख रुपये तथा वन विभाग की प्राप्ति 235.16 लाख रुपये से बढ़कर 776.32 लाख रुपये रही। राज्य कर विभाग की राजस्व प्राप्ति 2263 लाख रुपये से बढ़कर 2497 लाख रुपये तथा निबंधन विभाग की प्राप्ति 2053.10 लाख रुपये से बढ़कर 2970.30 लाख रुपये दर्ज की गई।
‎
‎बैठक में नगर निकायों, जिला पंचायत, खाद्य सुरक्षा विभाग, जल संस्थान एवं अन्य राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने विभागवार राजस्व प्राप्ति की स्थिति का अवलोकन करते हुए कम वसूली वाले विभागों से इसके कारणों की जानकारी ली।
‎
‎अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली से संबंधित आंकड़े निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष स्पष्ट एवं अद्यतन स्थिति में प्रस्तुत करें। प्रत्येक विभाग यह भी दर्शाए कि वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कितनी राजस्व वसूली की गई है तथा कितनी वसूली शेष है। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने और नियमित रूप से इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए।
‎
‎अपर जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व प्राप्ति के आंकड़ों में स्पष्टता एवं एकरूपता रखी जाए, ताकि विभागवार लक्ष्य, माहवार वसूली और अब तक की कुल उपलब्धि की सही स्थिति सामने आ सके। उन्होंने लंबित राजस्व वसूली के प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण करने, बकायेदारों से नियमानुसार वसूली की कार्रवाई करने तथा राजस्व वृद्धि की संभावनाओं वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय पर अपनी प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे आगामी बैठकों में राजस्व प्राप्ति की तुलनात्मक समीक्षा की जा सके।
‎
‎बैठक में जिला खान अधिकारी रवि नेगी, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत, एसडीओ वन जन्मेजय चंद रमोला सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त अधिशासी अधिकारी नगर निकाय एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।