घनसाली:- दर्शनलाल आर्य के नेतृत्व में भाजपा का बड़ा आयोजन, संदीप आर्य सहित सैकड़ों लोगों के जुड़ने का दावा।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

दर्शन लाल आर्य के नेतृत्व में घनसाली में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, संदीप आर्य ने थामा कमल

भव्य रैली और सभा में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों के भाजपा में शामिल होने का दावा; मंच से विधायक शक्ति लाल शाह को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी आई सामने

घनसाली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा नेता दर्शन लाल आर्य के नेतृत्व में घनसाली में भव्य आयोजन किया गया। कार्यकर्ता मिलन एवं सदस्यता अभियान के तहत घनसाली बाजार में भव्य रैली निकाली गई, जिसके बाद शशि कॉम्प्लेक्स में विशाल सभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में घनसाली जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष संदीप आर्य ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। आयोजकों ने सैकड़ों लोगों के भाजपा में शामिल होने का दावा किया।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं टिहरी जनपद प्रभारी अनिल गोयल, विधायक शक्ति लाल शाह, भाजपा नेता साहब सिंह कुमाई, पूर्व नेता मीना नेगी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

संदीप आर्य ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि वह पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रह चुके हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष पहले भी जारी रहा है और अब राजनीतिक स्तर पर भी इन मुद्दों को लेकर लड़ाई जारी रखेंगे।

वहीं कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भाजपा की अंदरूनी नाराजगी भी मंच पर सामने आई। भाजपा नेता साहब सिंह कुमाई ने कहा कि वर्षों बाद पुराने ज्येष्ठ और श्रेष्ठ कार्यकर्ता एक मंच पर आए हैं। उन्होंने विधायक शक्ति लाल शाह पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया। पूर्व नेता मीना नेगी ने भी मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की।

विधायक शक्ति लाल शाह ने अपने संबोधन में कहा कि जिस पद पर वह आज हैं, वहां पहुंचने के लिए कड़ी तपस्या करनी पड़ती है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाले नए कार्यकर्ताओं से भी मेहनत और तपस्या करने की बात कही।

कार्यक्रम संयोजक दर्शन लाल आर्य ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी से कुछ हासिल करना नहीं, बल्कि पार्टी की सेवा करना है। पार्टी जिस रूप में उनसे सेवा लेना चाहेगी, वह उसी रूप में संगठन की सेवा करने के लिए तैयार हैं।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं टिहरी जनपद प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखकर टिकट का निर्णय करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा और मजबूत होगी।

घनसाली में दर्शन लाल आर्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के संगठन विस्तार और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। संदीप आर्य की एंट्री और बड़ी संख्या में लोगों के भाजपा से जुड़ने के दावे के बाद घनसाली की स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, जिलाध्यक्ष उदय रावत, महामंत्री बलवंत रावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सजवाणा, इंदू डंगवाल , बसुमति घणाता, आनंद बिष्ट, गोविंद सिंह राणा, चंद्र किशोर मैठाणी, रामप्रसाद पैन्यूली, रजनीकांत सुरीरा, परमवीर पंवार, ओमप्रकाश भुजवाण, नत्थी सिंह नेगी, विजेंद्र गुसाईं, तेजराम सेमवाल, अनूप बिष्ट, चंद्रमोहन नौटियाल, शोकिन भंडारी, कुलदीप रावत, अजय कंसवाल, प्रमोद बिष्ट, प्रशांत जोशी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।