अखोड़ी इंटर कॉलेज से शुरू हुई 42वीं खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा, एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी रहे मुख्य अतिथि।

उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

अखोड़ी इंटर कॉलेज से शुरू हुई 42वीं खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा, एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी रहे मुख्य अतिथि।

‎हिमालय और ग्लेशियरों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : एडीएम

‎सूचना/टिहरी:- ‎पर्वतीय लोकविकास समिति, भिलंगना क्षेत्र विकास समिति एवं इंद्रमणि बड़ोनी साहित्य एवं कला मंच घनसाली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 42वीं ऐतिहासिक पांचवां धाम खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा का शुभारंभ राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज अखोड़ी से हुआ। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह महायात्रा 5 सितंबर तक विभिन्न पड़ावों से होकर चलेगी।

‎कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने उत्तराखंड के गांधी स्वर्गीय इंद्रमणि बड़ोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

‎मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि हिमालय केवल उत्तराखंड की पहचान ही नहीं, बल्कि देश के जल, पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार है। हिमालय के ग्लेशियरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए हिमालय के संरक्षण के लिए जनभागीदारी के साथ ठोस प्रयास जरूरी हैं।

‎उन्होंने कहा कि हिमालय को बचाने के लिए जंगलों और जलस्रोतों का संरक्षण, प्लास्टिक एवं कचरे पर नियंत्रण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को जनअभियान का रूप देना होगा। स्थानीय परंपराओं, संस्कृति और पर्यावरण के संरक्षण के साथ ही युवा पीढ़ी को भी हिमालय के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

‎उन्होंने महायात्रा के आयोजन को हिमालय, पर्यावरण, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की भावना मजबूत होती है।

‎कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रीय दलों के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

‎इस अवसर पर महायात्रा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा प्रतिभागियों ने हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

‎कार्यक्रम में इंद्रमणि बड़ोनी साहित्य एवं कला मंच घनसाली एडवोकेट लोकेंद्र दत्त जोशी, अध्यक्ष पर्वतीय लोकविकास समिति प्रो सूर्य प्रकाश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।