घनसाली: गौ-सम्मान और सुरक्षा हेतु गौ-भक्तों ने निकाली विशाल संकीर्तन यात्रा।
घनसाली: ‘राष्ट्रीय गौ सम्मान दिवस’ के अवसर पर गौ गोपाल सेवाआश्रम गनगर के तत्वाधान में गौवंश की सुरक्षा और उन्हें राष्ट्रीय सम्मान दिलाने हेतु एक विशाल एवं शांतिपूर्ण संकीर्तन यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा चमियाला से शुरू होकर घनसाली तहसील मुख्यालय तक पहुँची, जिसमें भारी संख्या में गौ-भक्तों और मातृ-शक्ति ने भाग लिया।
गौ भक्तों द्वारा तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित एक भावनात्मक अपील पत्र प्रेषित किया गया। इस पत्र के माध्यम से गौ-भक्तों ने निम्नलिखित माँगें रखीं:
◆ गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाए।
◆ भारत की पावन धरा पर गौ-हत्या जैसे पाप को पूर्णतः समाप्त किया जाए।
◆ गौवंश की संपूर्ण सुरक्षा एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मुहिम को व्यापक जनसमर्थन मिला, जहाँ 1100 से अधिक गौ-भक्तों ने अपील पत्र पर हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता जताई। यात्रा में ऋषिकेश से विशेष रूप से पधारे वीरेन्द्र प्रसाद सेमवाल जी और सुशील रतूड़ी शास्त्री जी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
गौ सेवाआश्रम गनगर के संस्थापक व संचालक विनोद जोशी शास्त्री की ओर से इस शांतिपूर्ण संकीर्तन यात्रा में शामिल सभी गौ-भक्तों, मातृ-शक्ति और प्रबुद्ध जनों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। विनोद जोशी शास्त्री जी ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा केवल एक धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक मर्यादा का आधार है।
