विधायक शक्ति लाल शाह ने चंबा-कोटी मोटर मार्ग दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को सौंपी आर्थिक सहायता ।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

विधायक शक्ति लाल शाह ने चंबा-कोटी मोटर मार्ग दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को सौंपी आर्थिक सहायता

घनसाली:- बीते 23 अप्रैल को चंबा-कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के समीप हुई हृदयविदारक वाहन दुर्घटना के बाद, क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवारों को ढांढस बंधाया और प्रदेश सरकार की ओर से स्वीकृत आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।

विधायक शाह ने स्वयं चांजी-चकरेडा, ठेला और होल्टा गांवों का दौरा कर छह मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपये के चेक सौंपे।

विधायक शाह ने कहा कि प्रभावित परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 7 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। कुल 5 लाख रुपये प्रति परिवार (3 लाख रुपये के चेक वितरित किए जा चुके हैं, शेष 2 लाख रुपये जल्द प्रदान किए जाएंगे, वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष से भी 2 लाख रुपये प्रति परिवार स्वीकृत है।

शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा किसी भी व्यक्ति की कमी को आर्थिक सहायता से पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार का प्रयास है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को सहारा मिल सके। उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार पूरी तरह से इन परिवारों के साथ खड़ी है। शेष धनराशि भी बिना किसी विलंब के जल्द ही मुहैया कराई जाएगी।

विधायक ने प्रशासन को भी निर्देशित किया कि प्रभावितों को अन्य हरसंभव प्रशासनिक सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।