हिमालयन लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल में NDRF और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बच्चों को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर।
टिहरी/ चमियाला:- आज हिमालयन लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल, बेलेस्वर में 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय ‘स्कूल सेफ्टी’ जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों और स्टाफ को विभिन्न आपदाओं के समय त्वरित प्रतिक्रिया और जीवन रक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान NDRF की टीम द्वारा भूकंप, वनाग्नि (जंगलों की आग) और अन्य आपातकालीन स्थितियों से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
भूकंप आने की स्थिति में ‘डक-कवर-होल्ड’ और सुरक्षित निकास का जीवंत प्रदर्शन किया गया। NDRF के सब-इंस्पेक्टर संतोष ने बच्चों को चोट लगने या बेहोश होने की स्थिति में दी जाने वाली फर्स्ट एड तकनीक सिखाई।
जिला आपदा प्रबंधन से अनिल सकलानी ने वनाग्नि को रोकने और आपदा के समय जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने की जानकारी दी।
स्कूल के प्रबंधक कैलाश प्रसाद पैन्यूली एवं प्रधानाचार्य वासुदेव सेमवाल ने NDRF की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास पैदा होता है। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य संतोष भट्ट सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ (अमित उनियाल, प्रवीण कुमार, राजेंद्र प्रसाद जोशी, गजेंद्र सिंह रावत, मंजू नौटियाल, प्रियंका रतूड़ी, शिवानी बिष्ट, प्रीति रावत, अंजु उनियाल, विजयलक्ष्मी बिष्ट, पूनम कलूडा, अंजना नेगी एवं अन्य) उपस्थित रहे।
इस दौरान बच्चों ने आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी भी देखी और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
