सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग की कमान मिलने पर घनसाली में खुशी, उप-जिला अस्पताल की जगी उम्मीदें।
घनसाली/टिहरी गढ़वाल: कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने पर घनसाली विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर है। विशेष रूप से बालगंगा वरिष्ठ नागरिक समिति ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे घनसाली क्षेत्र के स्वास्थ्य विकास के लिए एक शुभ संकेत बताया है।
बालगंगा सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह पोखरियाल, विजयराम जोशी, उम्मेद सिंह चौहान व आनंद व्यास ने कहा कि घनसाली के लोगों की लंबे समय से लंबित ‘उप-जिला अस्पताल’ की मांग अब जल्द पूरी होने की आस जगी है।
वहीं उन्होंने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल के पास पहाड़ की स्वास्थ्य चुनौतियों का अनुभव है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा।
बालगंगा सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक समिति ने विश्वास जताया है कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मंत्री सुबोध उनियाल प्राथमिकता के आधार पर बालगंगा और घनसाली क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं का निराकरण करेंगे।
चंदन सिंह पोखरियाल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में स्थानीय लोगों को आये दिन ऋषिकेश और देहरादून की ओर रुख करना पड़ता है।
समिति ने आशा व्यक्त की है कि माननीय मंत्री के कुशल नेतृत्व में घनसाली में प्रस्तावित उप-जिला अस्पताल (Sub-District Hospital) की स्थापना प्रक्रिया में गति आएगी।
वहीं सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग मिलने पर घनसाली क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम जनता ने खुशी जताई। लोगों का मानना है कि स्वास्थ्य मंत्री का पद एक ऐसे व्यक्ति के पास है जो पहाड़ की भौगोलिक चुनौतियों और स्वास्थ्य सेवाओं की किल्लत से भली-भांति परिचित है।
