टिहरी गढ़वाल की नई कप्तान श्वेता चौबे ने संभाली कमान, भद्रकाली मंदिर में आशीर्वाद लेकर किया कार्यभार ग्रहण।
टिहरी गढ़वाल:-
जनपद टिहरी गढ़वाल में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। आज दिनांक 05 अप्रैल 2026 को नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे ने विधिवत रूप से जनपद का पदभार ग्रहण कर लिया।
अपनी नई पारी की शुरुआत करते हुए एसएसपी ने सर्वप्रथम ऋषिकेश-टिहरी मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां भद्रकाली से जनपद की शांति, खुशहाली और जन-कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके पश्चात पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुँचने पर उन्हें पुलिस बल द्वारा औपचारिक सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ एक परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि होगी। उन्होंने वर्तमान में चल रहे अभियानों—नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा की गहन समीक्षा की।
एसएसपी श्वेता चौबे ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई व आम जनता, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए पुलिस के द्वार सदैव खुले रहेंगे।
इसके पश्चात चौबे द्वारा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनपद में चल रहे अभियान—विशेष रूप से नशा उन्मूलन, साइबर अपराध रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था—को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने हेतु सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के सभी अधिकारी गण को निर्देश दिए।
