नगर पंचायत घनसाली:- विकास का ‘एक साल बेमिसाल’, अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने पेश किया उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल): नगर पंचायत घनसाली के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर नगर विकास और जनहित के कार्यों में नई ऊंचाइयों को छुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने इस कार्यकाल को “एक साल बेमिसाल” करार देते हुए पिछले 12 महीनों में हुए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का ब्यौरा जनता के सामने रखा।
स्वच्छता और बुनियादी ढांचे पर रहा मुख्य फोकस
अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने बताया कि नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक, चमियाला मोटर मार्ग पर वर्षों से जमा कूड़े का ट्रेंचिंग ग्राउंड में वैज्ञानिक विधि से निस्तारण कर दिया गया है। इसके अलावा पार्किंग समस्या का समाधान, नगर पंचायत कार्यालय के पास लंबे समय से लंबित वाहन पार्किंग के लिए ₹74 लाख की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। हनुमान मंदिर क्षेत्र में ₹7.34 करोड़ की लागत से नए मोटर पुल का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है।
पार्क एवं सौंदर्य हेतु ₹68.40 लाख से रजत जयंती पार्क का निर्माण शुरू हो गया है, साथ ही ऐतिहासिक विभूति स्मारक का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
सुरक्षा और जनसुविधाएं में नगर को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं जिसमे भिलंगना नदी से बाजार को बचाने हेतु ₹7.94 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी मिली है।
नगर की निगरानी हेतु सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा में ‘अर्बन आरोग्य मंदिर’ के जरिए निःशुल्क उपचार और युवाओं के लिए नई लाइब्रेरी व बैडमिन्टन कोर्ट की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान
नगर की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के क्रम में वैरियर चौक पर भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापना का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल (वाटर कूलर) की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
”हमारा लक्ष्य घनसाली को एक स्वच्छ, सुरक्षित और मॉडल नगर पंचायत के रूप में विकसित करना है। बीते एक साल में हमने बुनियादी समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया है और आने वाले समय में विकास की यह गति और तेज होगी। आनंद बिष्ट, अध्यक्ष, नगर पंचायत घनसाली
