देहरादून/घनसाली: प्रदेश के सबसे बड़े विकासखंड भिलंगना के युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। लंबे समय से ब्लॉक मुख्यालय घनसाली में एक खेल मैदान की कमी को देखते हुए आज विकासखंड भिलंगना के युवा ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या से मुलाकात कर घनसाली में मिनी स्टेडियम निर्माण का अनुरोध किया। जिस पर मंत्री रेखा आर्या द्वारा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।
बता दें कि आज ब्लॉक प्रमुख भिलंगना राजीव कंडारी द्वारा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य से हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान विकासखंड भिलंगना के युवाओं की इस प्रमुख मांग को उनके समक्ष रखा गया। भेंट के दौरान यह अवगत कराया गया कि घनसाली क्षेत्र का केंद्र बिंदु होने के बावजूद यहाँ खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाएं उचित अभ्यास के अभाव में अपनी पहचान नहीं बना पा रही हैं।
खेल मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि घनसाली (भिलंगना) में मिनी स्टेडियम के निर्माण हेतु आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जल्द से जल्द इसका औपचारिक प्रस्ताव (DPR) प्रस्तुत किया जाए।
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम:
ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने इस अवसर पर मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि, “भिलंगना के युवाओं के पास ऊर्जा और प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें एक सही मंच की आवश्यकता है। स्टेडियम का निर्माण होने से न केवल युवाओं का शारीरिक विकास होगा, बल्कि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह न केवल घनसाली बल्कि पूरे भिलंगना ब्लॉक के हजारों छात्र-छात्राओं और उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक आधुनिक और सुविधायुक्त मंच प्राप्त होगा।
वहीं क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों ने इस ऐतिहासिक कदम के लिए मंत्री रेखा आर्य व ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी का सहृदय आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
