सेवा के साथ पुण्य भी है आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का दायित्व: रेखा आर्या
जनपद अल्मोड़ा में नवनियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को दिए नियुक्ति पत्र
प्रदेश भर में की गई है 7052 महिलाओं की नियुक्ति
अल्मोड़ा:- बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जनपद में चयनित की गई सैकड़ो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम के सभागार में किया गया।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में पूरे प्रदेश में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों यानी कुल मिलाकर 7052 पदों पर भर्ती की है । इनमें से 562 नियुक्ति अल्मोड़ा जनपद में की गई है ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री का पद सिर्फ रोजगार का एक माध्यम नहीं बल्कि यह सेवा का एक बड़ा अवसर है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई और इस पूरी प्रक्रिया को सिर्फ 3 महीने के समय में पूरा कर लिया गया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अब विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के रूप में उच्च शिक्षित लड़कियां और महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्य क्षमता और कुशलता में बढ़ोतरी होगी।
अल्मोड़ा जनपद में 50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 512 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। जनपद में 800 से ज्यादा रिक्तियां थी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाकी पदों के लिए भी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा करके नियुक्ति पत्र प्रदान करें।
इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, सीडीओ दिवेश शाशनी, डीपीओ पीतांबर प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, नगर मंडल अध्यक्ष विनीत, ललित तिवारी, महेंद्र बिष्ट, अशोक जलाल, विजय भंडारी, राहुल खोलिया, रिकी भट्ट आदि उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री नियुक्ति में पारदर्शिता की मिसाल कायम हुई : रेखा आर्या
हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल जनपद की नवनियुक्त कार्यकत्रियों को दिए नियुक्ति पत्र
हल्द्वानी:- बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी में ब्लाक सभागार में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
नैनीताल जनपद में कुल 484 पदों की रिक्तियां निकाली थी जिनमें से बुधवार को 36 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 287 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाकी पदों के लिए भी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा करके नियुक्ति पत्र प्रदान करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस बार ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए 7000 से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की जो नियुक्ति हुई है उसमें सरकार ने पारदर्शिता की एक मिसाल कायम की है। भर्ती प्रक्रिया में उच्च शिक्षित लड़कियों और महिलाओं के चयन पर उन्होंने कहा कि अक्सर यह देखने में आता था कि साल 2 साल अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र भेजने के बाद अभिभावक उन्हें किसी प्री प्राइमरी स्कूल में एडमिशन करा देते थे। अब आंगनबाड़ी केंद्रों में हाइली क्वालिफाइड कार्यकत्री और सहायिकाओं के मौजूद होने के चलते ऐसा नहीं होगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि
अब विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के रूप में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, बीटेक और एमटेक जैसी डिग्रियां रखने वाली लड़कियां और महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्य क्षमता और कुशलता में बढ़ोतरी होगी।
इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक एवं पूर्व मंत्री बंशीधर भगत, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, एसडीएम राहुल शाह, डीपीओ अनुलेखा बिष्ट, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, अक्षय सुयाल, गोविंद सिंह, मनीष आर्य, भरत बल्दिया, कमल रावत आदि उपस्थित रहे।