देहरादूनः- टिहरी से भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस ने उपाध्याय की वांटेड बहू (भाई की पत्नी) नाजिया को केरल के कोच्चि एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि नाजिया के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। जिसके तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है। देहरादून पुलिस कोच्चि रवाना हो गई है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार बीजेपी विधायक किशोर उपाध्याय की बहू नाजिया करोड़ों की सरकारी और गैर सरकारी जमीन-प्रॉपर्टी धोखाधड़ी सहित निजी कंपनियों के कई गंभीर फर्जीवाड़े में लंबे समय से फरार चल रही थी। गंभीर मामलों में इनामी अपराधी नाजिया की गिरफ्तारी लुकआउट नोटिस के तहत हुई हैं। उन्हें कोच्चि पुलिस ने बुधवार रात कोच्चि एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि कोच्चि एयरपोर्ट से देर रात 10:30 देश छोड़ने की फिराक में थी। उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी कोच्चि पुलिस ने देहरादून पुलिस को दे दी है, जिसके बाद दून पुलिस कोच्चि में नाजिया को कस्टडी में लेने रवाना हो गई है।
ये हैं आरोप
आरोपों के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में टिहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय के भाई सचिन उपाध्याय और उनकी पत्नी नाजिया यूसुफ के खिलाफ देहरादून, दिल्ली, एनसीआर में करोड़ों की प्रॉपर्टी फर्जीवाड़े और निजी कंपनियां बनाकर धोखाधड़ी करने के गंभीर मामले दर्ज हैं। यही कारण रहा कि सचिन उपाध्याय और उनकी पत्नी नाजिया यूसुफ के खिलाफ इनाम घोषित करने के साथ ही लुकआउट नोटिस जारी कर पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश में थी।