बड़ी खबर:- सुरकंडा देवी रोपवे ट्रॉलियों में तकनीकी खराबी के कारण हवा में लटके रहे टिहरी विधायक सहित 70 लोग।

उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

टिहरी गढ़वाल:- तकनीकी खामियों के चलते सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे सेवा कुछ देर के लिए अचानक ठप हो गई। इस दौरान रोपवे ट्रॉलियों में करीब 70 लोग हवा में ही लटके रहे। ट्रॉली में सफर कर रहे टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और टेक्निकल टीम को मौके पर भेजा। इस बीच काफी देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कुछ देर फंसे रहने के बाद रोपवे सेवा का संचालन फिर से शुरू हुआ।

आपको बता दें कि टिहरी विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक किशोर उपाध्याय सुरकंडा देवी माता के दर्शन करने गए थे। इसी दौरान रोपवे में कुछ खामियां आने की वजह से ट्रॉलियां हवा में ही रूक गईं। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। वहीं टिहरी एसएसपी नवनीत भुल्लर ने पूरे मामले में कहा कि सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे ट्रॉली का संचालन तकनीकी खराबी के कारण 20 से 25 मिनट तक रुका रहा। सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए हैं और रोपवे अब सुचारू रूप से चल रहा है। ट्रॉली में कोई यात्री नहीं फंसा है।
गौरतलब हो कि बीते एक मई को सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर के लिए रोपवे सेवा की आधिकारिक रूप से शुरुआत की थी। हालांकि, रोपवे अप्रैल में शुरू हो गई थी। सुरकंडा देवी मंदिर जाने के लिए रोपवे करीब 5 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। जिसकी लंबाई 502 मीटर है।
संचालन शुरू होने के पहले दिन करीब 240 श्रद्धालुओं ने रोपवे से सफर कर मंदिर में दर्शन किए थे। 32 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए रोपवे में 16 डिब्बे लगाए गए हैं। एक डिब्बे में छह लोग सफर कर सकते हैं। टिहरी के कद्दूखाल क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी के दर्शन को रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता हैं।