दुःखद:- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल का लाल देश के लिए शहीद, परिजनों एवं क्षेत्र में पसरा मातम।

उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल देहरादून ब्रेकिंग न्यूज

टिहरी गढ़वाल:- नागालैंड में मोन जिले में शनिवार को हुई फायरिंग के दौरान देवभूमि का एक लाल शहीद हो गया है। पैराशूट रेजीमेंट की 21वीं बटालियन के पैराट्रूपर जवान गौतम लाल फायरिंग के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए।
आपको बता दें कि शहीद जवान गौतम लाल ग्राम नौली, तहसील, कीर्तिनगर पट्टी हिंसरिया खाल, टिहरी गढ़वाल के रहने वाले थे। गौतम लाल 2018 में कोटद्वार में सेना में भर्ती हुए थे। शहीद गौतम लाल सहित 5 भाई व 2 बहनें हैं। गौतम अपने घर के सबसे छोटे थे। गौतम लाल ने इंटर जीजीआईसी हिंसराखाल से किया था।
जिसके बाद वे कर्नल अजय कोठियाल के यूथ फाउंडेशन के ट्रेनिंग कैंप में रहे। वे साल 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। शहीद गौतम लाल अक्टूबर में ही छुट्टी पर आए थे। एक महीने के छुट्टी के बाद 2 नवंबर को वे ड्यूटी पर वापस लौटे थे। 3 तारीख सुबह गौतम की उनके भाई से फोन पर बात हुई थी।
रविवार सुबह उनके यूनिट से उनके शहीद होने की खबर आई। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जवान के शहीद होने पर दु:ख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद गौतम लाल की शहादत को सलाम किया है।
उन्होंने लिखा आपका साहस, शौर्य व समर्पण पर मां भारती के साथ ही सैन्यधाम गौरवान्वित है। ईश्वर पुण्यात्माओं को शांति व परिजनों को धैर्य प्रदान करें। आपको बता दें कि नागालैंड के मोन जिले में सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में कम से कम 15 आम लोगों की मौत होना बताया जा रहा है।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी कि इस घटना की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या यह गलत पहचान का मामला है। सेना ने बताया कि इस दौरान एक सैन्यकर्मी शहीद हुआ है। कई अन्य सैनिक घायल हो गए। यह घटना और उसके बाद जो हुआ, वह ‘अत्यंत खेदजनक’ है। लोगों की मौत होने की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है।