घनसाली में जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा की विशेष अभ्यास परीक्षा संपन्न, कौस्तुभ सिंह बगारी ने 68 अंक हासिल कर किया टॉप
ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था की पहल, परीक्षा में 19 विद्यार्थियों ने हासिल किए शीर्ष दस स्थानों में स्थान; मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल):- जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था की ओर से आयोजित विशेष अभ्यास परीक्षा मंगलवार, 24 नवंबर को घनसाली के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद मेधावी विद्यार्थियों की सूची भी जारी कर दी गई है।
संस्था की ओर से जारी परिणाम सूची के अनुसार, कौस्तुभ सिंह बंगारी, सैंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल घनसाली ने 80 में से 68 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पीयूष एस.पी.एस तितरुणा ने 67 अंकों के साथ द्वितीय तथा दिव्यांशु, प्राथमिक विद्यालय जन्दोली ने 66 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रियांशु पोखरियाल, कैराराम ब्रिलिएंट माइंड्स स्कूल बेलेश्वर ने 65 अंक हासिल कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा परिणाम में पांचवें स्थान पर अक्षत राणा, समृद्धि भट्ट, आदित्य सिंह, सलोनी ने 64-64 अंक प्राप्त किए। वहीं छठे स्थान पर आरव सिंह व अरमान ने 63-63 अंक हासिल किए। सातवें स्थान पर जिया व सिद्धांत ने 62-62 अंक प्राप्त किए। आठवें स्थान पर पार्थ, अपेक्षा और अभिनव ने 61-61 अंक हासिल किए, जबकि नौवें स्थान पर अदिति, आईशा, गौरी, पल्लवी सहित अन्य विद्यार्थियों ने 60 अंक प्राप्त किए।
संस्था द्वारा आयोजित जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा की विशेष अभ्यास परीक्षा में कुल 97 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
संस्था के आयोजकों द्वारा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों को आकर्षक ट्रॉफी, स्कूल बैग, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मेधा सूची में शीर्ष दस स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल बैग प्रदान किए गए। वहीं परीक्षा में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
गौरतलब है कि ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मूल्यांकन, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें मुख्य परीक्षा के वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से इस विशेष अभ्यास परीक्षा का आयोजन किया था। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उनमें जागरूकता एवं आत्मविश्वास विकसित करना है।
संस्था की ओर से आयोजित इस पहल को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इससे बच्चों को अपनी तैयारी का आकलन करने, अपनी कमियों को पहचानने और आगामी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए स्वयं को और बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी।
संस्था ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
इस अवसर पर अतिविशिष्ट अतिथि अवनींद्र सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज मगरों), विशिष्ट अतिथि संजय सिंह गुसाईं, अजीत सिंह बिष्ट, शौकीन आर्य और बॉबी श्रीयाल उपस्थित रहे।
इसके अलावा संस्था के संरक्षक विजयराम जोशी, प्राथमिक शिक्षक संघ भिलंगना के मंत्री मेघ सिंह चौहान, सचिव अंकित सिंह जखेड़ी, महावीर धनियाल सहित शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महावीर धनियाल ने किया।
संस्था के सचिव अंकित सिंह जखेड़ी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।

