घनसाली को मिलेगी बाढ़ से बड़ी राहत, नदी किनारे 2 किलोमीटर तक होंगे सुरक्षा कार्य, 7.94 करोड़ स्वीकृत।
घनसाली को बाढ़ के खतरे से बचाने की बड़ी पहल।
भिलंगना नदी के दोनों तटों पर होगा सुरक्षा कार्य, दो किलोमीटर क्षेत्र में बनेंगी सुरक्षा दीवारें और सीसी ब्लॉक
बरसात में नदी कटाव से प्रभावित होने वाले परिवारों को मिलेगी राहत।
घनसाली:- भिलंगना नदी के उफान और लगातार हो रहे कटाव से घनसाली नगर को सुरक्षित रखने की दिशा में शासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 7.94 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से नदी के दोनों किनारों पर लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे।
बरसात के मौसम में भिलंगना नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे परिवारों के सामने खतरा पैदा हो जाता है। नदी के तेज बहाव से भूमि कटाव के साथ आवासीय क्षेत्रों और आसपास की परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर इस समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
स्वीकृत योजना के तहत नदी किनारे सुरक्षा दीवारों का निर्माण और सीसी ब्लॉक लगाने का कार्य किया जाएगा। इससे नदी के बहाव के कारण होने वाले कटाव पर अंकुश लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। योजना का लाभ नदी किनारे रहने वाले परिवारों को मिलने की उम्मीद है।
वहीं घनसाली नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने इस स्वीकृति को घनसाली नगर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शासन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से वर्ष 2024 में भी बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर प्रस्ताव भेजा गया था। अब 7.94 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने से इस दिशा में कार्य आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने कहा कि भिलंगना नदी से नगर क्षेत्र को होने वाले संभावित नुकसान से बचाना प्राथमिकता है। बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे होने से बरसात के दौरान नदी किनारे रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी और नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
घनसाली के लिए स्वीकृत यह योजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बरसात के मौसम में बाढ़ और नदी कटाव की आशंका के बीच रहने वाले परिवारों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

