सादगी की मिसाल बनी दो PCS अधिकारियों की शादी, उत्तराखंड में हो रही खूब चर्चा।

उत्तराखंड चमोली देहरादून ब्रेकिंग न्यूज

सादगी की मिसाल बनी दो PCS अधिकारियों की शादी, उत्तराखंड में हो रही खूब चर्चा।

कर्णप्रयाग:- सादगी, प्रेम और भारतीय संस्कृति की खूबसूरत झलक उस समय देखने को मिली, जब उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल एवं उपजिलाधिकारी भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा ने कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर सात फेरे लिए। इस दौरान दोनों ने सात जन्मों तक एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।

याक्षी अरोड़ा मूल रूप से काशीपुर की निवासी हैं और वर्तमान में भिकियासैंण में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। वहीं अलकेश नौडियाल उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र के निवासी हैं तथा कर्णप्रयाग में एसडीएम के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों अधिकारी वर्ष 2024 बैच के PCS अधिकारी हैं।

सादगीपूर्ण विवाह बना चर्चा का विषय

इस विवाह समारोह की सबसे खास बात इसकी सादगी रही। बिना किसी बड़े तामझाम, दिखावे और भव्य आयोजन के मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। दोनों अधिकारियों ने मां उमा देवी को साक्षी मानकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।

आज के दौर में जहां शादियों में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर भव्य आयोजन और दिखावे की होड़ देखने को मिलती है, वहीं इन दोनों युवा प्रशासनिक अधिकारियों ने सादगीपूर्ण विवाह के माध्यम से समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि विवाह की वास्तविक खूबसूरती महंगे आयोजनों में नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, संस्कार और एक-दूसरे के प्रति समर्पण में होती है।

एसडीएम अलकेश नौडियाल की सरलता, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के साथ उनके इस सादगीपूर्ण विवाह की भी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। निश्चित रूप से यह विवाह समारोह युवाओं और समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है।

विवाह समारोह के उपरांत दोनों ने मां उमादेवी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर तहसीलदार सुधा डोभाल सहित नवीन चमोला, दीपक पंवार, पंडित राजेंद्र पुजारी, क्रांति पुजारी और अनुप पुजारी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।