नगर पंचायत घनसाली के तत्वावधान में पहली बार सजेगा इगास का भव्य मंच, 20 नवंबर को लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर होगा घनसाली।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

नगर पंचायत घनसाली के तत्वावधान में पहली बार सजेगा इगास का भव्य मंच, 20 नवंबर को लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर होगा घनसाली

अध्यक्ष आनंद बिष्ट का न्योता – परिवार सहित पहुंचें, अपनी संस्कृति के इस उत्सव का बनें हिस्सा

घनसाली-टिहरी गढ़वाल:- पहाड़ की पहचान, लोक आस्था और पारंपरिक विरासत का पर्व इगास बग्वाल इस बार घनसाली में कुछ खास अंदाज में मनाया जाएगा। उत्तराखंड की लोक संस्कृति को नई पहचान देने और पारंपरिक त्योहारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत घनसाली पहली बार 20 नवंबर को भव्य इगास बग्वाल महोत्सव आयोजित करने जा रही है।

महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। घनसाली नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने क्षेत्रवासियों को आमंत्रित करते हुए जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं समस्त नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने कहा कि इगास केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहाड़ की सामूहिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से जहां हमारी लोक विरासत को संरक्षण मिलता है, वहीं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर भी मिलता है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का प्रयास है कि घनसाली में इगास बग्वाल को सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया जाए, जिसमें हर वर्ग और हर आयु के लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 20 नवंबर को अपने परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ महोत्सव में पहुंचकर इस आयोजन की रौनक बढ़ाएं और लोक संस्कृति के इस पर्व को यादगार बनाएं।

नगर पंचायत घनसाली ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रथम इगास बग्वाल महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।

इगास की परंपरा, पहाड़ का गौरव – आइए, मिलकर मनाएं संस्कृति का महोत्सव!