बरेली का कुख्यात गैंगस्टर गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरफ्तार, एसआईटी एवं पुलिस टीम को मिली सफलता।

उत्तराखंड देहरादून ब्रेकिंग न्यूज

बरेली का कुख्यात गैंगस्टर गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरफ्तार, एसआईटी एवं पुलिस टीम को मिली सफलता।

देहरादून:- उत्तराखंड से जुड़े एक चर्चित मामले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू की गिरफ्तारी की खबर सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस एवं विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के झांसी से उन्हें गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध उनकी पत्नी एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर देहरादून स्थित कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में जातिसूचक शब्दों के प्रयोग सहित अन्य आरोप लगाए गए थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस द्वारा इस मामले में गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश में पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में झांसी में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी मिली है।

प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद एसआईटी एवं पुलिस की टीम उन्हें लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई है। पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिससे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकेगी।

नोट: गिरफ्तारी एवं आगे की कार्रवाई के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि तथा विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

जानकारी मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी……