घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग पर यूटिलिटी वाहन में लगी भीषण आग, फायर वाहन मौके के लिए रवाना
घनसाली, टिहरी गढ़वाल:- घनसाली क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग पर सेंदुल के पास सड़क किनारे खड़े एक यूटिलिटी वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन में खराबी आने के बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और मैकेनिक को बुलाने के लिए घनसाली बाजार चला गया था। इसी दौरान वाहन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
गनीमत रही कि जिस समय वाहन में आग लगी, उस वक्त वाहन के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के दौरान मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन चालक और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग का फायर वाहन टीम सहित मौके के लिए रवाना हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आया यूटिलिटी वाहन चमियाला स्थित पंवार लघु उद्योग का बताया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। अग्निशमन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों तथा वाहन को हुए नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
