राखी का धागा बना विश्वास की डोर, मातृशक्ति के सम्मान से मजबूत होगा समाज- शक्तिलाल शाह
घनसाली (टिहरी):- रक्षा बंधन के पावन अवसर पर घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह की ओर से भिलंगना ब्लॉक सभागार में ‘कलें कु धागू’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से विधायक शाह की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा बंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा कि परिवार और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
“मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही मजबूत समाज की नींव है।”
ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। मातृशक्ति के मजबूत होने से देश और समाज भी मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सविता सेमवाल और लक्ष्मी देवी ने विधायक शाह को आंगनवाड़ियों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा। विधायक शाह ने कार्यकर्ताओं को उपहार भेंट किए।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष घनसाली आनंद बिष्ट, चमियाला के गोविंद सिंह राणा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, गोविंद बडोनी, यशवंत गुसाईं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
