घनसाली के दो होनहारों ने उत्तराखंड अपर पीसीएस (PCS) परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे, क्षेत्र में हर्ष का माहौल।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल): उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अपर पीसीएस परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद विधानसभा क्षेत्र घनसाली में खुशी की लहर है। क्षेत्र के दो होनहार युवाओं मनीष मोहन नेगी और पिंकी मंगलवान ने अपनी प्रतिभा और कड़े परिश्रम के दम पर प्रशासनिक सेवाओं में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मनीष मोहन नेगी बने उप शिक्षा अधिकारी (DEO)
गोनगढ़ पट्टी के ग्राम चौठारा निवासी मनीष मोहन नेगी का चयन उप शिक्षा अधिकारी के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। मनीष की यह सफलता उनकी निरंतरता और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। इससे पूर्व भी उन्होंने लोअर पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर मार्केटिंग निरीक्षक का पद प्राप्त किया था। मनीष के पिता भरत सिंह नेगी (सेवानिवृत्त प्रवक्ता – अंग्रेजी) और माता भगवानी नेगी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मनीष की यह उपलब्धि आगामी पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणा बनेगी।
पिंकी मंगलवान बनीं सहायक आयुक्त, राज्य कर (वित्त)
चमियाला क्षेत्र के ग्राम चानी, बासर की बेटी कुमारी पिंकी मंगलवान ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट लगन से पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक आयुक्त राज्य कर (वित्त) के पद पर अपनी जगह बनाई है। पिंकी की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके माता-पिता बारी लाल मंगलवान एवं तारा देवी मंगलवान सहित संपूर्ण क्षेत्र गौरवान्वित है। पिंकी ने यह साबित किया है कि सही दिशा और मजबूत इरादों से बेटियों के लिए कोई भी मुकाम हासिल करना असंभव नहीं है।
वही इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शक्तिलाल शाह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने दोनों नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिवारों को बधाई दी है। सभी ने आशा व्यक्त की है कि दोनों अधिकारी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ उत्तराखंड राज्य के विकास और जनसेवा में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।
