चमियाला मुख्य बाजार को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने हेतु उप जिलाधिकारी ने कसी कमर, बनाई गई नई कार्ययोजना।
घनसाली/टिहरी गढ़वाल: नगर पंचायत चमियाला के मुख्य बाजार में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थाई समाधान हेतु उप जिलाधिकारी घनसाली अलकेश नौडियाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बाजार को सुव्यवस्थित करने के लिए कड़े कदम उठाने और नई ‘ट्रैफिक रेगुलेशन एस.ओ.पी.’ (SOP) लागू करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक के मुख्य निर्णय और कार्ययोजना:
ट्रैफिक जोन का निर्धारण: चमियाला मुख्य बाजार को प्राथमिकता के आधार पर तीन जोन में बांटा गया है। सड़क की चौड़ाई और ट्रैफिक दबाव के अनुसार इन क्षेत्रों में ‘रेड जोन’ और ‘नो स्टॉपिंग जोन’ निर्धारित किए जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था: बाजार में अवैध अतिक्रमण हटाकर दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बॉक्स चिह्नित किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों जैसे अस्पताल और बैंकों के पास अस्थायी पार्किंग की सुविधा होगी, जहाँ वाहन अधिकतम 5 से 15 मिनट ही रुक सकेंगे।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध: बाजार की सुगमता हेतु भारी और लोडिंग वाहनों के लिए समय निर्धारित किया गया है। अब ये वाहन केवल सायं 05:30 बजे से प्रातः 07:00 बजे तक ही बाजार में प्रवेश कर सकेंगे। दिन के समय प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
अतिक्रमण और स्वच्छता: व्यापारियों और निवासियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सड़क या नाली पर अतिक्रमण न करें। कूड़ा फैलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही की जाएगी। बाजार में बॉटलनैक (तंग रास्तों) को खत्म करने के लिए पाइप लाइनों को भूमिगत करने और मलबे को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी और डिजिटल मॉनिटरिंग: बाजार की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिसका एक्सेस पुलिस प्रशासन के पास भी होगा। इसके अलावा, रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है जिसमें प्रशासन, पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधि जुड़े रहेंगे।
सख्त कार्यवाही: नियमों का तीन बार से अधिक उल्लंघन करने वाले वाहनों को नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) कर दिया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए दिन में 06 और रात में 04 होमगार्ड/पीआरडी जवानों की तैनाती की जाएगी।
उप जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर इस कार्ययोजना पर अमल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और जनता से अपील की है कि वे नगर को जाम मुक्त और स्वच्छ बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

