घनसाली के विकास खरोला ने बढ़ाया मान, एनडीए (NDA) परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 241वीं रैंक।

उत्तराखंड घनसाली टिहरी गढ़वाल ब्रेकिंग न्यूज

घनसाली के विकास खरोला ने बढ़ाया मान, एनडीए (NDA) परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 241वीं रैंक।

घनसाली/टिहरी गढ़वाल: देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। जनपद टिहरी गढ़वाल के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सेंदुल केमरा के निवासी विकास खरोला ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित एनडीए (NDA) 2026 की परीक्षा में ऑल इंडिया 241वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विकास खरोला, पुत्र विजय सिंह खरोला, शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और उनके पैतृक गांव केमरा में खुशी की लहर है। विकास की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और सेना में जाकर देश सेवा करने के उनके जुनून का परिणाम माना जा रहा है।

विकास के पिता विजय सिंह खरोला स्वयं एक पूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने वर्षों तक भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा की है। वहीं उनके चाचा भी वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। घर में शुरू से ही देश सेवा का माहौल होने के कारण विकास का लक्ष्य हमेशा से ही सेना में अधिकारी बनने का था।

विकास की इस गौरवशाली उपलब्धि पर उनके परिवारजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने इसे पूरे टिहरी जनपद व घनसाली के लिए गर्व का क्षण बताया है।

वहीं सेंदुल केमरा के ग्राम प्रधान अमित जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास ने न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे सेंदुल केमरा गांव और भिलंगना ब्लॉक का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि विकास की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो पहाड़ की दुर्गम परिस्थितियों के बीच से निकलकर भी देश के सर्वोच्च पदों तक पहुँचा जा सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

आपको बता दें कि विकास खरोला अब भारतीय सैन्य अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में एक सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी सेवा देंगे। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है।

इस विशेष उपलब्धि पर सोशल मीडिया के माध्यम से भी विकास को ढेरों शुभकामनाएँ और बधाई संदेश मिल रहे हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि वे भविष्य में देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

“देवभूमि ई-मीडिया” की ओर से विकास खरोला को उज्ज्वल भविष्य की ढेर सारी शुभकामनाएं।