खुशखबरी:- अब आपके ग्रामीण क्षेत्र गोदधार अखोड़ी में खुल चुका है सीएससी जन सेवा केंद्र, डिजिटल उत्तराखंड की ओर बढ़ते कदम।
अखोड़ी के गोदाधार में खुला ‘पंवार जन सेवा CSC केंद्र।
जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह घणाता ने किया उद्घाटन; अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी 300 से अधिक सरकारी सेवाएं
अखोड़ी (टिहरी गढ़वाल):- उत्तराखंड के सीमांत जिलों में डिजिटल साक्षरता और सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। टिहरी गढ़वाल जिले के भिलंगना ब्लॉक के अंतर्गत मेन मार्केट गोदाधार (अखोड़ी) में ‘पंवार जन सेवा CSC (Common Service Centre) केंद्र’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के खुलने से क्षेत्र की दुर्गम ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को अब मामूली कामों के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
अतिथियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन
बुधवार दोपहर आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह घणाता ने विधिवत रिबन काटकर केंद्र को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए डिजिटल सेवाओं का गांवों तक पहुंचना किसी वरदान से कम नहीं है। अब हमारे बुजुर्गों को पेंशन के लिए और युवाओं को नौकरी के फॉर्म भरने के लिए मीलों दूर नहीं जाना होगा।”
विशेषज्ञों ने दी डिजिटल सेवाओं की जानकारी
समारोह में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर के कई दिग्गज शामिल हुए। CSC स्टेट टीम के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र सिंह रावत ने केंद्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सीएससी केवल एक दुकान नहीं बल्कि शासन और प्रशासन का एक छोटा केंद्र है। वहीं, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजेश लसियाल ने केंद्र संचालक को भविष्य के लिए दिशा-निर्देश दिए।
बैंकिंग और बीमा सेवाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए SBI जनरल इंश्योरेंस के सुमित भट्ट ने कहा कि केंद्र के माध्यम से अब ग्रामीण अपने स्वास्थ्य और फसल का बीमा आसानी से करा सकेंगे।
स्थानीय स्तर पर खुशी की लहर
गोदाधार मार्केट के व्यापार मंडल अध्यक्ष माननीय प्रदीप नैथानी जी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बाजार में डिजिटल केंद्र खुलने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति देवराज चौधरी, श्री कर्ण सिंह घणाता और प्यार सिंह रावत भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने केंद्र के संचालक को बधाई देते हुए इसे अखोड़ी क्षेत्र के लिए एक बड़ी सुविधा करार दिया।
केंद्र पर उपलब्ध मुख्य सुविधाएं:
ग्रामीण अब इस केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निम्नलिखित सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं:
•सरकारी प्रमाण पत्र: आय, जाति, निवास, और ई-श्रम कार्ड।
•स्वास्थ्य सेवाएं: आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी निर्माण।
•बैंकिंग सेवाएं: पैसे निकालना, जमा करना और बीमा (Insurance) सुविधाएं।
•कृषि सेवाएं: पीएम किसान सम्मान निधि और मृदा स्वास्थ्य कार्ड।
