घनसाली में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग, नगर पंचायत अध्यक्ष को लिखा पत्र।
घनसाली/ टिहरी गढ़वाल:- नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बंदरों के आतंक एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर शिक्षक एवं युवा कवि मनोज रमोला ‘मृदुल’ ने नगर पंचायत घनसाली के अध्यक्ष आनंद बिष्ट को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
प्रेषित पत्र में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में उत्पाती बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बंदर घरों में घुसकर खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
पत्र में हाल ही में वार्ड संख्या-04, मधुर विहार क्षेत्र में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि बंदरों द्वारा महिलाओं पर हमला किए जाने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा एवं जनहित को देखते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
मनोज रमोला ‘मृदुल’ ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़ने हेतु जल्द से जल्द पिंजरे लगाए जाएं तथा वन विभाग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि नगरवासियों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और बढ़ते बंदर आतंक पर समय रहते नियंत्रण करना आवश्यक है।
